हिमंत जब भी मुश्किल में होते हैं, 108 एंबुलेंस सेवा की तरह अजमल को बुलाते हैं: गौरव गोगोई
हिमंत जब भी मुश्किल में होते हैं, 108 एंबुलेंस सेवा की तरह अजमल को बुलाते हैं: गौरव गोगोई
नगांव (असम), 29 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भाजपा और एआईयूडीएफ के बीच ‘गुप्त तालमेल’ होने का मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा जब भी मुश्किल में पड़ते हैं तो ‘108 एंबुलेंस सेवा की तरह’ एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को बुलाते हैं।
कोलमौबाड़ी में कांग्रेस उम्मीदवार शिवमणि बोरा के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गोगोई ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) गरीब लोगों का इस्तेमाल करने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जबकि अपनी संपत्ति मुंबई और दुबई में बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हिमंत विश्व शर्मा खुद को मुश्किल में पाते हैं, वह 108 एंबुलेंस सेवा की तरह बदरुद्दीन अजमल को बुलाते हैं।’’
गोगोई ने कहा कि 2024 में धुबरी की जनता ने अजमल को करीब 10 लाख मतों से हराया था और याद दिलाया कि 2016 में कांग्रेस विधायक दल के नेता वाजेद अली चौधरी ने भी उन्हें दक्षिण सलमारा सीट से हराया था।
उन्होंने अजमल के उपचुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अब हिमंत विश्व शर्मा एआईयूडीएफ के पंक्चर हुए टायर में हवा भरने की कोशिश कर रहे हैं।’
उन्होंने भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिला आयुक्त के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अवैध रूप से निर्दोष लोगों को बांग्लादेश भेजा और बेदखली अभियानों के जरिए लोगों को परेशान किया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘असम ने कई मुख्यमंत्री देखे हैं, लेकिन हिमंत विश्व शर्मा जैसा सांप्रदायिक मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा। इसके विपरीत, पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरुण गोगोई ने 15 वर्षों तक शांति और सद्भाव बनाए रखा तथा फोटो मतदाता पहचान पत्र जारी करके सभी नागरिकों को सुरक्षा प्रदान की।’’
गोगोई ने मतदाताओं से बोरा के समर्थन की अपील करते हुए उन्हें साहसी और समर्पित नेता बताया।
भाषा अमित आशीष
आशीष

Facebook


