राजस्थान: सीजीएसटी के अधीक्षक के नाम पर 25 लाख की रिश्वत लेते हुए दो बिचौलिए गिरफ्तार
राजस्थान: सीजीएसटी के अधीक्षक के नाम पर 25 लाख की रिश्वत लेते हुए दो बिचौलिए गिरफ्तार
जयपुर, 29 सितंबर (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद में केंद्रीय जीएसटी के एक अधीक्षक के नाम पर 25 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए दो बिचौलियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में उदयपुर स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर आयुक्तालय की कर चोरी शाखा में तैनात अधीक्षक सांवल राम को भी हिरासत में लिया गया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता दो पंजीकृत फर्म चलाता है।
शिकायतकर्ता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि फर्मों से जुड़े वसूली मामलों, कारण बताओ नोटिस और समन के निपटारे के लिए सांवल राम ने बिचौलिए अनिल पारीक के माध्यम से 60 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि एक फर्म का खाता सक्रिय कराने के लिए भी रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहली किस्त के तौर पर 25 लाख रुपये देने का दबाव बनाया।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान अनिल पारीक ने एक अन्य बिचौलिए सुशील पारीक के माध्यम से 25 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी ने कार्रवाई के दौरान सांवल राम को भी हिरासत में ले लिया।
जांच एजेंसी ने सांवल राम के उदयपुर स्थित आवास पर छापेमारी भी की।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


