तिरुवनंतपुरम, 22 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के एक पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाने वाले एआई आधारित डीपफेक वीडियो के कथित प्रसारण को लेकर सोमवार को तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि इसका मकसद गलत जानकारी फैलाना और प्रधानमंत्री मोदी की छवि खराब करना था।
एक बयान में, प्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया समन्वयक अभिजीत राधाकृष्णन नायर ने कहा कि उन्होंने राज्य के पुलिस प्रमुख को शिकायत सौंपकर इस मामले की विस्तृत जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ‘कैप्पाडी अंसारी’ नामक एक फ़ेसबुक अकाउंट ने कथित तौर पर जी-7 सम्मेलन के मूल फुटेज में छेड़छाड़ किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
नायर ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले इस वीडियो में बदलाव करके ऐसा दिखाया गया जैसे दुनिया के नेता प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हों। उन्होंने कहा कि इस पोस्ट में अपमानजनक टिप्पणियां भी की गयी हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री राजनीतिक आलोचना की आड़ में किया गया सुनियोजित साइबर हमला है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि गलत जानकारी फैलाने के लिए डीपफेक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल जनता के भरोसे और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर सकता है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और वीडियो के पीछे शामिल लोगों की व्यापक जांच की मांग की गई है।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश