नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में मुनक नहर में नहाने के दौरान दो व्यक्ति लापता हो गए हैं और उनकी डूबने से मौत होने की आशंका है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर बवाना में हनुमान मंदिर के पास हुई जब तीन दोस्त नहर में नहाने गए थे। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा, जबकि अन्य दो तेज बहाव में बह गए।
लापता युवकों की पहचान प्रशांत पांडेय (20) और सत्यम कुमार (20) के रूप में हुई है, जो किराड़ी सुलेमान नगर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि उन्हें अपराह्न करीब 2.40 बजे नहर में दो युवकों के डूबने के संबंध में एक सूचना मिली जिसके बाद एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
तीसरे दोस्त ने पुलिस को बताया कि तीनों में से किसी को भी तैरना नहीं आता था और वे पानी की गहराई और गति से अनजान थे। उसने कहा कि उसने शोर मचाया, लेकिन समय पर उन्हें कोई तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
स्थानीय गोताखोरों, दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को काम पर लगाया गया और रविवार देर शाम तक व्यापक तलाशी ली गई, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया और सोमवार सुबह फिर से शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शव 12 घंटे के भीतर सतह पर आ सकते हैं या समयपुर बादली या केएन काटजू मार्ग के पास लगाए गए सुरक्षा जालों में फंस सकते हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव