दमकल वाहन का रास्ता रोकने के आरोप में कार चालक पर मामला दर्ज, लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित

Ads

दमकल वाहन का रास्ता रोकने के आरोप में कार चालक पर मामला दर्ज, लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 07:05 PM IST

अलप्पुझा (केरल), 16 अप्रैल (भाषा) केरल के पत्तनकड में भीषण आग लगने के बाद अस्पताल जा रहे दमकल वाहन का रास्ता रोकने के आरोप में पुलिस ने एक मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कोडमथुरुथ निवासी सुजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब थरावूर सरकारी अस्पताल में भीषण आग लग गई थी।

आस-पास के स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका।

इसके बाद, अलप्पुझा से अतिरिक्त दमकल वाहन भेजे गए।

पुलिस के अनुसार, जब ऐसा ही एक वाहन पत्तनकड के पोन्नमवेली के पास पहुंचा, तो कार चालक सुजीत ने कथित तौर पर दमकल वाहन को रास्ता देने से इनकार कर दिया।

सायरन बजने और दमकल चालक द्वारा बार-बार हॉर्न बजाने के बावजूद सुजीत कथित तौर पर सड़क के बीच में धीमी गति से गाड़ी चलाता रहा, जिससे आपातकालीन वाहन आगे नहीं निकल सका।

अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मियों ने इस घटना का वीडियो बना लिया था, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।

शिकायत के आधार पर पत्तनकड पुलिस ने बुधवार रात मामला दर्ज किया। वाहन का पता लगाने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुजीत को थाने बुलाया और कार जब्त कर ली।

पुलिस ने बताया कि सुजीत ने दावा किया है कि उसने दमकल वाहन का सायरन नहीं सुना था। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या वह गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।

इस बीच, मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने उसका ड्राइविंग लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

एमवीडी अधिकारियों ने बताया कि चालक से स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसने दावा किया कि वह अपने बच्चे को अस्पताल ले जा रहा था और उसे सायरन सुनाई नहीं दिया।

भाषा

सुमित नरेश

नरेश