दिल्ली के नजफगढ़ में दो लाख रुपये का इनामी अपराधी मुठभेड़ में घायल
दिल्ली के नजफगढ़ में दो लाख रुपये का इनामी अपराधी मुठभेड़ में घायल
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) दिल्ली के नजफगढ़ में दिल्ली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो लाख रुपये का इनामी अपराधी घायल हो गया। उस पर हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोहित लांबा उर्फ अमित उर्फ मोहित (34) कथित तौर पर सुपारी लेकर हत्या करता है। वह हत्या, हत्या की कोशिश और लूट के एक दर्जन से ज़्यादा मामलों में शामिल रहा है। उसके साथी रितिक ठाकुर (21) को भी गिरफ़्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, हत्या की कोशिश के एक मामले की जांच के दौरान अधिकारियों को रविवार को पुख्ता जानकारी मिली कि रोहित और ऋतिक शक्ति नगर एक्सटेंशन में छिपे हुए हैं।
पुलिस की एक टीम ने सुबह करीब छह बजे छापा मारा और रोहित के दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान, रोहित ने कथित तौर पर बताया कि उसने घासीपुरा में ओल्ड काकरोला ड्रेन रोड के पास एक अवैध पिस्तौल छिपा रखी है। पुलिस उसे पिस्तौल बरामद करने के लिए उस जगह ले गई।
हालांकि, द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशलपाल सिंह ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे रोहित ने झाड़ियों से छिपी हुई पिस्तौल निकाली और भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि टीम ने उसे आत्म समर्पण करने की चेतावनी दी थी, लेकिन जब उसने गोलीबारी जारी रखी, तो उपनिरीक्षक दीपक शर्मा ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और उसके दाहिने पैर में गोली मारी।
रोहित को काबू में कर लिया गया, उससे पिस्तौल छीन ली गई और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी या राहगीर घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने अवैध पिस्तौल, मैगज़ीन, चार कारतूस और कारतूस के तीन खाली खोखे बरामद किए। आरोपी ने गोली और पुलिस ने दो गोलियां चलाई थी।।
नजफगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता और सशस्त्र कानून की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के अन्य आपराधिक संपर्कों और गिरोह से जुड़ी दूसरी गतिविधियों में उसकी संभावित संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव

Facebook


