राजस्थान: पूर्व छात्र ने व्याख्याता पर चाकू से किया हमला
राजस्थान: पूर्व छात्र ने व्याख्याता पर चाकू से किया हमला
जयपुर, तीन सितंबर (भाषा) राजस्थान के सीकर में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के एक पूर्व छात्र ने अपने व्याख्याता पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हमले में घायल व्याख्याता का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
गोकुलपुरा थानाधिकारी राजाराम लेघा ने बताया कि फतेहपुर रोड निवासी इंतखाब (32) बृहस्पतिवार अपराह्न करीब दो बजे महाविद्यालय पहुंचा और व्याख्याता अनवर खान से बातचीत करने लगा।
उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने व्याख्याता से कहा कि उन्होंने उसे बीटेक करने की सलाह दी थी और नौकरी लगवाने का आश्वासन भी दिया था लेकिन नौ साल बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली।
अधिकारी ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई और इस बीच आरोपी ने अनवर पर चाकू से हमला कर दिया।
महाविद्यालय के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने घायल व्याख्याता को एसके अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि अनवर के छोटे भाई आसिफ की शिकायत पर गोकुलपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वर्ष 2017 में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


