हैदराबाद, तीन मार्च (भाषा) तेलंगाना के महबूबनगर जिले में एक सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में एक कुत्ते ने एक व्यक्ति के शव का एक हिस्सा नोंच कर निकाल लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस चौंकाने वाली घटना के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने चार अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है।
पुलिस ने बताया कि झील में डूबने के कारण मारे गये इस व्यक्ति के शव को सोमवार सुबह जिले के जाडचेरला कस्बे स्थित सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में पहुंचाया गया था।
पुलिस के अनुसार वार्ड ब्वाय ने मुर्दाघर में ताला लगा दिया, लेकिन कुछ समय बाद उसने अंदर एक कुत्ता देखा और फिर उसे भगा दिया।
पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि भगाये जाने से पहले कुत्ते ने फर्श पर पड़े शव का एक हिस्सा नोंच लिया।
पुलिस के मुताबिक शवगृह में रखा फ्रीजर कथित तौर पर खराब था तथा शव सूज गया था, इसलिए वह ‘फ्रीजर’ में समा नहीं पा रहा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजनरसिम्हा ने राज्य वैद्य विधानपरिषद के आयुक्त अजय कुमार को इसकी जांच करने का निर्देश दिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार सुबह अस्पताल का दौरा किया और उन्होंने मृतक के परिवार के सदस्यों, पुलिस, डॉक्टरों, अस्पताल के कर्मचारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से बात की।
विज्ञप्ति के मुताबिक मंत्री ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में अस्पताल अधीक्षक, ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट मेडिकल अधिकारी (आरएमओ), एक चिकित्सा अधिकारी और मुर्दाघर सहायक कर्मी (एमएनओ) को निलंबित करने का आदेश दिया।
विज्ञप्ति के अनुसार अजय कुमार ने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कदम उठाएगी।
भाषा राजकुमार माधव
माधव