सूरत, 22 मई (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में शुक्रवार सुबह 13 मंजिला एक इमारत में स्थित एक फ्लैट में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आवासीय परिसर से 11 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
अग्निशमन अधिकारी रोहित खलाशी ने कहा, “सूरत के वेसु इलाके में स्थित 13 मंजिला ‘जैनम द ग्रैंड अल्टिमा’ इमारत के सी-टावर की नौवीं मंजिल पर सुबह करीब नौ बजे भीषण आग लग गई।”
उन्होंने कहा, “आग उस फ्लैट में लगी जो बाहर से बंद था क्योंकि उसमें कोई नहीं रहता था। प्रभावित मंजिल के ऊपर के अपार्टमेंट में रहने वाले कम से कम 11 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।”
उन्होंने बताया कि चार अलग-अलग अग्निशमन केंद्रों से आठ से नौ दमकल वाहनों को सेवा में लगाया गया और लगभग दो घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा प्रशांत मनीषा
मनीषा