चमोली में जंगल की आग बुझाने के दौरान चट्टान से गिरने से एक वनकर्मी की मौत
चमोली में जंगल की आग बुझाने के दौरान चट्टान से गिरने से एक वनकर्मी की मौत
गोपेश्वर, 21 मई (भाषा) उत्तराखंड में चमोली जिले के बदरीनाथ वन प्रभाग में जंगल की आग बुझाते समय चट्टान से गिरने से वन विभाग के एक अस्थायी कर्मचारी की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना बुधवार देर शाम वन प्रभाग की चमोली रेंज में चमोली और बिरही गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे इलाके में हुई जहां चीड़ के जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग के कर्मी (फायर वाचर) राजेंद्र सिंह (45) अपनी टीम के साथ पहुंचे थे।
आग बुझाते समय सिंह अचानक चट्टान से फिसल गए और 100 फुट गहरी खाई में गिर गए।
बदरीनाथ वन प्रभाग के उप प्रभागीय वन अधिकारी जुगल किशोर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग ने उनकी खोजबीन की जिसके बाद उनका शव बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि सिंह निकटवर्ती पाखी गांव के निवासी थे और उन्हें आग की रोकथाम के लिए वन विभाग की ओर से अस्थाई रूप से पांच महीने के लिए तैनात किया गया था।
पिछले माह भी प्रदेश में ऐसी ही एक अन्य घटना हुई थी जहां नैनीताल में जंगल में सूखे पत्ते साफ करते समय पैर फिसलने से खाई में गिरकर एक अस्थाई वन कर्मचारी की मौत हो गयी थी।
बिरला चुंगी क्षेत्र में वन में आग लगने से रोकने के उपायों के तहत 53 वर्षीय आनंद लाल को जंगल की सफाई के लिए तैनात किया गया था ।
भाषा सं दीप्ति वैभव शोभना
शोभना

Facebook


