विदेशमंत्री जयशंकर बुधवार को फिलीपीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे
विदेशमंत्री जयशंकर बुधवार को फिलीपीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को फिलीपीन की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस पूर्वी एशियाई देश की यात्रा के दौरान वह ‘क्वाड’ समूह की बैठक में शामिल होंगे और आसियान के तहत होने वाली चर्चाओं में भी हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जयशंकर ‘क्वाड’ देशों – ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका – के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।
‘क्वाड’ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की पिछली बैठक मई के आखिर में नई दिल्ली में हुई थी और उसमें शामिल होने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत आए थे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक मनीला यात्रा के दौरान जयशंकर आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन) देशों के मंत्री स्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इनमें खास तौर पर आसियान-भारत, पूर्वी एशिया सम्मेलन (ईएएस) और आसियान क्षेत्री मंच (एआरएफ) की बैठकें शामिल हैं।
आसियान इस क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है, और भारत तथा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं।
विदेश मंत्रालय ने जयशंकर की यात्रा के बारे में कहा, ‘‘यह यात्रा ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत आसियान के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को रेखांकित करती है और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराती है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘यह बात खास तौर पर अहम है कि 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है।’’
बयान के मुताबिक जयशंकर द्वारा इस यात्रा के दौरान आसियान में भाग लेने वाले देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी किये जाने की उम्मीद है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


