नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के लॉरेंस रोड औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को 29 वर्षीय एक व्यक्ति नाई की दुकान के अंदर मृत मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जीशान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वह दुकान के अंदर बेहोशी की हालत में मिला था।
घटना के संबंध में केशवपुरम थाने को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘जीशान को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। अपराध शाखा की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की।’’
पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया किसी गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप