नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मंगोलपुरी में 25 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में चार नाबालिगों और दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र सहित पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या पुराने विवादों के चलते की गई थी।
मृतक की पहचान आकाश उर्फ अक्कू (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि उसने कथित तौर पर पिछले साल सितंबर में आरोपी के एक मित्र सलमान के घर में आग लगा दी थी और वह स्थानीय अपराधियों को धमकाने के लिए जाना जाता था, जिससे नाराजगी और बढ़ गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ नोदी (19 वर्ष), जो मंगोलपुरी का निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है और चार नाबालिगों के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके साथी मंगलवार को मंगोलपुरी में इकट्ठा हुए, जहां उन्होंने आकाश को जान से मारने के लिए और बदला लेने की साजिश रची।
उन्होंने बताया कि बुधवार को उन्होंने पार्क में आकाश पर चाकू से हमला किया जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी इंटरनेट पर सामने आया है।
संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से एक व्यक्ति के मृत लाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची।
पुलिस ने बताया, ‘पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे जांचकर्ताओं को आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने में मदद मिली।’
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, व्यक्ति को 13 से अधिक बार चाकू मारा गया था। पीड़ित ने भागने की कोशिश की लेकिन मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के चश्मदीदों ने डर के मारे वहां से भागना शुरू कर दिया।
लेकिन जब एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पीड़ित को चाकू मारते हुए देखा, तो वह अपने घर से लाठी लेकर तीनों हमलावरों का सामना करने के लिए दौड़ा लेकिन वे फरार हो गए। पीड़ित के गिरते ही आसपास के लोग पीछे हट गए।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने खून से सना हुआ चाकू बरामद किया। साथ ही घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए जिनमें खून लगा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि हत्या में शामिल बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश