अगरतला, तीन सितंबर (भाषा) त्रिपुरा पुलिस ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 126 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह जांच एक अभ्यर्थी रूमा देब की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद शुरू की गई है। देब ने 31 अगस्त को पश्चिम त्रिपुरा के एनसीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि इस साल एक फरवरी को हुई लिखित परीक्षा से एक दिन पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो गया था।
पुलिस के अनुसार, देब ने कुछ अभ्यर्थियों के 97 और 98 अंक हासिल करने पर भी सवाल उठाए हैं क्योंकि परीक्षा में ‘नेगेटिव मार्किंग’ लागू थी।
एनसीसी पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी पारितोष दास ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हमें जानकारी मिली है कि कुछ नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा से केवल 24 घंटे पहले ही प्रश्न मिल गए थे।”
उन्होंने कहा, “हमने शिकायतकर्ता से विस्तार से बात की है और परीक्षा प्रक्रिया की जांच के लिए इंदिरानगर स्थित ‘सोसाइटी फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (एसओएफईडी)’ के कार्यालय का भी दौरा किया है।”
एसओएफईडी एक पंजीकृत संस्था है जिसे विभिन्न सरकारी संगठनों में उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित और मौखिक परीक्षाएं आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश