गुरुग्राम, 15 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार तड़के सेक्टर 37डी की झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई, जिससे एलपीजी सिलेंडर फट गए और दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, संभवतः कूड़े के ढेर के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग सबसे पहले एक खाली भूखण्ड में लगी और तेज हवाओं के कारण यह तेजी से आसपास की झुग्गियों में फैल गई। दूर से ही घना धुआं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं।
दमकल कर्मियों, पुलिस और नागरिक सुरक्षा टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस इलाके में पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है और निवासियों का कहना है कि वे खाली भूखंडों में कचरा जमा होने से रोकने के लिए नियमित सफाई की मांग कर रहे हैं।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।
भाषा
राखी माधव
माधव