नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के एक व्यक्ति को ऑनलाइन खरीदारी के दौरान धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ठगों का यह गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापनों के जरिए लोगों को रियायती ब्रांडेड सूट और साड़ियों की पेशकश कर ठगता था।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली की एक महिला की शिकायत के बाद आरोपी सरूप खान को गिरफ्तार किया गया है।
महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खान ने उससे कथित तौर पर 50,000 रुपये की धोखाधड़ी की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर ब्रांडेड पारंपरिक पोशाकों के आकर्षक विज्ञापन देखे और विक्रेता से संपर्क किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘धोखाधड़ी करने वालों ने उसे ऑर्डर बुक करने और सामान पहुंचने के शुल्क के बहाने पैसे स्थानांतरित करने के लिए मना लिया। पैसे लेने के बाद, आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया और शिकायतकर्ता को संचार के सभी माध्यमों पर ब्लॉक कर दिया।’
उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने तकनीकी निगरानी की और पैसे भेजने के डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इससे अलवर के गांवों से एक संगठित साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के चलने का पता चला।
अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी फर्जी प्रोफाइल, प्रचार वीडियो और सिम कार्ड का इस्तेमाल करके आकर्षक कीमतों पर फैशनेबल सूट और साड़ियां बेचने के विज्ञापन पोस्ट करते थे। पीड़ितों को चैट और कॉल के जरिए अग्रिम भुगतान करने के लिए राजी किया जाता था, जिसके बाद उनसे संपर्क तोड़ दिया जाता था।’
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने पकड़े जाने से बचने के लिए ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत