ओडिशा के बालासोर में मवेशी तस्करी के शक में भीड़ ने वैन में लगाई आग
ओडिशा के बालासोर में मवेशी तस्करी के शक में भीड़ ने वैन में लगाई आग
भद्रक, तीन मई (भाषा) ओडिशा के बालासोर जिले में रविवार को कथित रूप से मवेशी तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक वैन को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। यह घटना सबरंग थाना क्षेत्र के भटातीरा रेलवे स्टेशन लेवल क्रॉसिंग के पास हुई।
पुलिस के अनुसार भीड़ ने एक वैन को रोका, जिसमें कथित तौर पर कई मवेशियों को बेहद तंग और अमानवीय परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। लोगों ने वैन से छह मवेशियों को छुड़ा लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने अचानक वाहन में आग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि खतरा भांपकर चालक मौके से फरार हो गया और अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही वहां से लापता हो गया।
इस घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। इसके तुरंत बाद सबरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सबरंग थाने के प्रभारी शांतनु जेना ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जेना ने कहा, “जब हम मौके पर पहुंचे, तब वाहन जल रहा था। वहां कोई मवेशी या अन्य पशु नहीं मिला। फरार चालक का पता लगाने और घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।”
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


