दिल्ली के अस्पताल में दिल की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित एक दिन के बच्चे की जटिल सर्जरी की गई

Ads

दिल्ली के अस्पताल में दिल की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित एक दिन के बच्चे की जटिल सर्जरी की गई

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 06:59 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली के एक अस्पताल ने एक दिन के शिशु की दिल की जटिल सर्जरी कर उसे नई जिदंगी दी है। यह शिशु दिल की दुर्लभ और जानलेवा बीमारी से पीड़ित था। डॉक्टरों ने यह जानकारी दी।

एक निजी अस्पताल ने बयान में बताया कि बच्चे को “इन्फ्राडायफ्रामैटिक टोटल एनोमलस पल्मोनरी वेनस कनेक्शन (टीएवीपीसी)” नाम की एक दुर्लभ जन्मजात बीमारी थी। इसमें फेफड़ों से आने वाला ऑक्सीजन वाला खून दिल तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाता, जिससे जन्म के तुरंत बाद बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी।

अस्पताल में बाल चिकित्सा एवं जन्मजात हृदय शल्य चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डॉ केएस अय्यर ने कहा, “ यह हृदय संबंधी एक अत्यंत गंभीर आपातकालीन स्थिति थी, जिसमें हर मिनट महत्वपूर्ण था। यदि तुरंत इलाज न किया जाए तो ऐसी स्थितियां तेजी से जानलेवा साबित हो सकती हैं, लेकिन समय पर सर्जरी से ये बच्चे स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।”

अस्पताल ने बताया कि यह स्थिति लगभग 10,000 जीवित जन्मों में से एक को प्रभावित करती है और इसके कारण नवजात शिशु के फेफड़े अवरुद्ध हो जाते हैं और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं हो पाती है। इसलिए फौरन ऑपरेशन करने की जरूरत पड़ती है।

इसके मुताबिक, पहली बार मां बनी 33 वर्षीय महिला को गर्भवस्था के दौरान हुए अल्ट्रासाउंड में इस असामान्यता का पता चला था। पटना के रहने वाले इस डॉक्टर दंपति ने प्रसव को उपचार केंद्र के पास ही कराने का फैसला किया ताकि जन्म के बाद तुरंत चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

अस्पताल ने बताया कि बच्चे का जन्म 13 अप्रैल को हुआ और 14 अप्रैल को उसकी ‘ओपन हार्ट सर्जरी’ की गई।

इसने कहा कि ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत में लगातार सुधार हुआ, धीरे-धीरे उसकी स्थिति स्थिर होती गई और 11 दिनों के बाद उसे स्थिर अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव