कोच्चि में एक वर्षीय बच्चे को नशे में धुत दंपति से मुक्त कराया गया

Ads

कोच्चि में एक वर्षीय बच्चे को नशे में धुत दंपति से मुक्त कराया गया

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 12:17 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 12:17 PM IST

कोच्चि, 30 अप्रैल (भाषा) कोच्चि के कलूर स्थित एक होटल में शराब के नशे में धुत एक दंपति के पास से एक वर्षीय बच्चे को मुक्त करा लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एर्नाकुलम जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि कलूर के पास एक होटल में एक पुरुष और एक महिला के साथ रह रहा बच्चा बेहद परेशानी में है।

अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस और सीडब्ल्यूसी के अधिकारी होटल पहुंचे, तो उन्होंने दोनों वयस्कों को नशे में धुत पाया और बच्चा भी संकट में था। उन्होंने बताया कि बच्चे को ठीक से भोजन नहीं मिलने के कारण उसकी स्थिति खराब थी।

पुलिस ने तुरंत बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर उसे सीडब्ल्यूसी अधिकारियों को सौंप दिया।

बुधवार को पलक्कड़ की 21 वर्षीय महिला और मलप्पुरम के 24 वर्षीय पुरुष ने बच्चे की अभिरक्षा के लिए सीडब्ल्यूसी से संपर्क किया।

हालांकि, वे अभिभावक होने का कोई प्रमाण या विवाह प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

अधिकारियों ने बताया कि बिना सत्यापन के बच्चे को महिला को सौंपने से उसके पालन-पोषण को लेकर चिंता थी इसलिए सीडब्ल्यूसी ने बच्चे को पलक्कड़ की समिति को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया क्योंकि महिला वहीं की रहने वाली है।

बुधवार शाम बच्चे को पलक्कड़ सीडब्ल्यूसी के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

सीडब्ल्यूसी अधिकारियों ने कहा कि बच्चा फिलहाल पलक्कड़ केंद्र की देखरेख में रहेगा और माता-पिता आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा उचित देखभाल की व्यवस्था साबित करने के बाद ही उसे वापस ले जा सकेंगे।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा