टीएनसीए ने पुरुषों की सीनियर टीम के मुख्य कोच के पदों के लिए आवेदन मांगे

Ads

टीएनसीए ने पुरुषों की सीनियर टीम के मुख्य कोच के पदों के लिए आवेदन मांगे

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 01:35 PM IST

चेन्नई, 30 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने बृहस्पतिवार को पुरुषों की सीनियर राज्य टीम के मुख्य कोच के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए। संघ एम सेंथिलनाथन और एम वेंकटरमना के उत्तराधिकारियों की तलाश में है।

संघ ने पुरुषों और महिलाओं की राज्य सीनियर और जूनियर चयन समितियों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए हैं।

सभी आवेदनों के लिए अंतिम तिथि 10 मई निर्धारित की गई है। बंगाल क्रिकेट संघ ने भी हाल ही में राज्य के मुख्य कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला के उत्तराधिकारी को खोजने के लिए इसी तरह का तरीका अपनाया था।

कोच की भूमिका के लिए आवेदन करने वालों की उम्र 60 वर्ष से कम होनी चाहिए (बहु दिवसीय और सफेद गेंद के प्रारूप के लिए अलग-अलग कोच होंगे) और उनके पास भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के लेवल दो या उससे ऊपर का कोचिंग प्रमाण पत्र या कोई अन्य समकक्ष प्रमाण पत्र होना चाहिए।

टीएनसीए के सचिव यू भगवानदास राव ने कहा, ‘‘चयन प्रक्रिया टीएनसीए के नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी और छांटे गए उम्मीदवारों को आगे के मूल्यांकन के लिए आमंत्रित किया जाएगा।’’

पिछले घरेलू सत्र में तमिलनाडु की टीमों के औसत प्रदर्शन के बाद कोचिंग ढांचे में बदलाव की उम्मीद पहले से ही थी।

सेंथिलनाथन ने पिछले सत्र से पहले एल बालाजी की जगह ली थी और पिछले साल नवंबर में सफेद गेंद की प्रतियोगिताओं से ठीक पहले वेंकटरमना को अचानक सफेद गेंद के प्रारूप के कोच के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया था।

रणजी ट्रॉफी में तमिलनाडु ग्रुप ए में सात मैच में 14 अंक के साथ छठे स्थान पर रहा। 2025-26 सत्र में टीम केवल एक मैच जीत सकी जबकि दो मैच हारे और चार मैच ड्रॉ रहे।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु एलीट ग्रुप डी में चौथे स्थान पर रहने के बाद सुपर लीग में जगह बनाने में असफल रहा।

विजय हजारे ट्रॉफी में भी यही कहानी दोहराई गई जब तमिलनाडु की टीम एलीट ग्रुप ए में पांचवें स्थान पर रहने के कारण नॉकआउट चरण में पहुंचने में असफल रही।

भाषा सुधीर

सुधीर