अरुणाचल प्रदेश के तवांग मठ से बुद्ध प्रतिमा चुराने के आरोप में प.बंगाल के एक पर्यटक को पकड़ा गया

Ads

अरुणाचल प्रदेश के तवांग मठ से बुद्ध प्रतिमा चुराने के आरोप में प.बंगाल के एक पर्यटक को पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 01:15 PM IST

ईटानगर, पांच मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के एक पर्यटक को अरुणाचल प्रदेश में तवांग मठ सहित दो प्रमुख स्थलों से धार्मिक वस्तुएं चुराने के आरोप में हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

तवांग के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) काटो तासो ने बताया कि चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आने के बाद 54 वर्षीय व्यक्ति का पता लगाया गया और उसे हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि देश के सबसे बड़े मठ – तवांग मठ से बुद्ध की एक प्रतिमा चोरी हो गई। ‘जाइंट बुद्धा स्टैच्यू पार्क’ से दो झांझ और धातु के दो दीप भी चोरी हो गए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘फुटेज में पर्यटक को परिसर से बुद्ध की मूर्ति और अन्य पवित्र वस्तुएं ले जाते हुए देखा गया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।’’

डीएसपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने बुधवार सुबह आरोपी का पता लगाया और उसके पास से 15,000 रुपये से 20,000 रुपये के बीच मूल्य की सभी चोरी की वस्तुएं बरामद कीं।

अधिकारी ने बताया कि हालांकि, सामान बरामद होने के बाद बुद्ध पार्क गोम्पा प्रशासन ने मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला किया, इसलिए कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया। पर्यटक द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि वह दोबारा ऐसा कृत्य नहीं करेगा, प्रबंधन ने उसे क्षमा कर दिया।

अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने पर्यटक से लिखित में लिया कि वह अपनी गलती स्वीकार करे और भविष्य में ऐसा आचरण न करने का वादा करे। उसे कानूनी परिणामों की चेतावनी दिए जाने के साथ ही पवित्र स्थानों पर धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की सलाह भी दी गई।

वह व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ छुट्टियां मनाने के लिए दो मार्च को तवांग पहुंचा था।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा