उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री राजभर के काफिले को दिखाया गया काला झंडा, हिरासत में एक युवक

Ads

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री राजभर के काफिले को दिखाया गया काला झंडा, हिरासत में एक युवक

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 09:32 PM IST

महराजगंज (उप्र), 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज में राज्य के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के काफिले को एक युवक ने काला झंडा दिखाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री राजभर ‘सामाजिक सद्भाव महारैली’ में शामिल होने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार इस दौरान एक युवक ने अचानक मंत्री के काफिले के पास आकर काला झंडा लहराया।

उन्होंने बताया कि युवक को रोकने के लिये कुछ कार्यकर्ता उसकी ओर दौड़े लेकिन इसी बीच, पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया।

अधिकारियों ने बताया कि युवक ने यह हरकत क्यों की इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में राजभर ने चुनाव आयोग की आलोचना करने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

राजभर ने कहा कि यादव जहां भी चुनाव प्रचार करते हैं, उसका नतीजा अंततः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत के रूप में सामने आता है।

उन्होंने दावा किया, ‘इस बार पश्चिम बंगाल में राजग की ही सरकार बनेगी।’

मंत्री ने कहा कि ‘सामाजिक सद्भाव महारैली’ का आयोजन उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन रैलियों का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाना और साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले राजग को मजबूत करना है।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब