उप्र : रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामलों में 70 मुकदमे दर्ज, 10 लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र : रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामलों में 70 मुकदमे दर्ज, 10 लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 01:04 AM IST

लखनऊ, 16 मार्च (भाषा) देश में रसोई गैस सिलेंडर की कमी के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए की गई कार्रवाई के तहत प्रदेश में 12 मार्च से अब तक 4,816 स्थानों पर छापे मार कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पूरे प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी व अवैध बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और इसके तहत 12 मार्च से अब तक प्रदेशभर में 4,816 स्थानों पर छापेमारी की गई है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान रसोई गैस वितरकों के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं जबकि गैस की कालाबाजारी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध 60 प्राथमिकियां दर्ज कर कार्रवाई की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रवर्तन दलों ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि एलपीजी भंडार की नियमित समीक्षा की जा रही है और आवश्यकतानुसार रिफिल की उपलब्धता पर नजर रखी जा रही है।

भाषा

सलीम रवि कांत