केवल परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी सपा सरकार : योगी आदित्यनाथ

Ads

केवल परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी सपा सरकार : योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 12:47 AM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 12:47 AM IST

लखनऊ, 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि वर्ष 2017 से पहले राज्य में जो सरकार थी वह केवल अपने परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी।

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों के कुल 90 हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी 2 की पहली किस्त वितरित करने के सिलसिले में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2017 में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली सरकार बनने से पहले से पहले प्रदेश सरकार गरीबों को घर का लाभ नहीं दे रही थी।

उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं था कि प्रधानमंत्री ने घोषणा न की हो लेकिन प्रदेश सरकार में इच्छा शक्ति नहीं थी। जब व्यक्ति स्वार्थ में डूबा होता है तो उसकी संवेदना मर जाती है। परमार्थ से उसका संबंध दूर-दूर तक नहीं रह जाता और वह केवल अपने और अपने परिवार के बारे में सोचता है।’

आदित्यनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘वर्ष 2017 से पहले राज्य में जो सरकार थी, वह केवल अपने बारे में सोचती थी, एक परिवार के बारे में सोचती थी, अपने रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में जब उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनी तो उसके लिए राज्य की 25 करोड़ की आबादी ही उसका परिवार हो गया।

उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर पात्र व्यक्ति को मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रखा था, जिन्हें अब मुक्त कराकर गरीबों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।

आदित्यनाथ ने कहा कि जहां ऐसी भूमि शेष है, उसे भी खाली कराया जाए और जिनके पास अपनी जमीन नहीं है, उनके लिए इन जमीनों पर आवास बनाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साथ ही, केवल गरीब ही नहीं बल्कि अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों और पत्रकारों के लिए भी आवासीय योजनाएं बनाई जाएं, ताकि हर वर्ग को अपना घर मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर इसकी शुरुआत कर एक सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश और देश में दिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर माफिया की संपत्तियों को जब्त कर उन्हें इसी उद्देश्य में उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-(शहरी 2) के तहत पहली किस्त पाने वाले सभी 90 हजार परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो और इस योजना के तहत अब तक देश में 62 लाख परिवारों को उनका पक्का मकान दिया जा चुका है।

भाषा

सलीम रवि कांत