नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि तीन दिन पहले एक आम नागरिक को थप्पड़ मारने के मामले में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो पार्टी अदालत का रुख करेगी।
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि वह और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कार्यालय जाएंगे और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करेंगे।
भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पिछले तीन दिन से हम मांग कर रहे हैं कि वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, लेकिन दिल्ली पुलिस इसका उलटा कर रही है और हमारे खिलाफ मामले दर्ज कर रही है और हमें डरा रही है। अगर पुलिस ने अपना कर्तव्य नहीं निभाया तो हम अंतत: प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत जाएंगे।’’
पार्टी ने यह मांग भी की है कि तिलक नगर इलाके में लोक निर्माण विभाग द्वारा जिस सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है, उसका केंद्रीय सड़क अनुसंधान संगठन (सीआरआरआई) जैसी किसी सड़क आभियांत्रिकी विशेषज्ञ एजेंसी द्वारा स्वतंत्र ऑडिटिंग कराया जाए।
भारद्वाज ने कहा, ‘‘आखिरकार, यह वर्मा के विभाग के अंदर का भ्रष्टाचार है, जिसे हमारे विधायक ने उठाया है। इसका स्वतंत्र ऑडिट होना चाहिए। हम एसीबी ऑफिस में इन मांगों को उठाएंगे।’’
आप नेता ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस ने पार्टी की उन महिला पार्षदों के साथ बदसलूकी की जो उनकी निष्क्रियता पर विरोध कर रही थीं।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि भारद्वाज, आप के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक हेड कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट की और उसे ड्यूटी करने से रोका।
पुलिस ने भाजपा नेता वर्मा के खिलाफ भी एक असंज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की है। वर्मा पर आरोप है कि पिछले हफ्ते सड़क का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने 22 साल के साहिब सिंह को उस समय थप्पड़ मार दिया था, जब साहिब सिंह उनके निरीक्षण का वीडियो बना रहा था।
भाषा वैभव नरेश
नरेश
नरेश