‘आप’ ने चावल के खरीद-वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, दिल्ली के मंत्री ने दी चेतावनी

‘आप’ ने चावल के खरीद-वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, दिल्ली के मंत्री ने दी चेतावनी

‘आप’ ने चावल के खरीद-वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, दिल्ली के मंत्री ने दी चेतावनी
Modified Date: August 9, 2026 / 07:19 pm IST
Published Date: August 9, 2026 7:19 pm IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) दिल्ली के मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार की प्रस्तावित सब्सिडी वाले चावल की खरीद और वितरण में अनियमितताओं के आरोप लगाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि अगले तीन वर्षों में 22,000 करोड़ रुपये के घोटाले की साजिश रची जा रही थी।

आप विधायक संजीव झा ने भी सब्सिडी वाले चावल की खरीद और बाद में उसकी बिक्री के तरीके पर सवाल उठाए।

खाद्य और आपूर्ति मंत्री सिरसा ने आप नेताओं को अपने आरोप वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया; उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर वे उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।

इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को दिल्ली की भाजपा नीत सरकार पर सब्सिडी वाले चावल की खरीद और बिक्री में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रेखा गुप्ता सरकार और असम की एक कंपनी ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) से राष्ट्रीय राजधानी में गरीबों और जरूरतमंदों को बांटने के लिए सब्सिडी वाला चावल उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया था।

उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत हर सप्ताह करीब 31,000 मीट्रिक टन चावल मांगा गया था, लेकिन यह लक्षित लाभार्थियों तक नहीं पहुंचा और बाद में इसे हरियाणा की एक निजी कंपनी को बेच दिया गया।

भारद्वाज ने आरोप लगाया, ‘‘करीब 23.20 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्राप्त किए गए चावल को कथित तौर पर खुले बाजार में 46 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा था। इससे प्रति किलोग्राम करीब 23 रुपये का कमीशन बनता है, जो हर सप्ताह लगभग 143 करोड़ रुपये के घोटाले के बराबर है।’’

उन्होंने दावा किया कि यह व्यवस्था तीन साल के लिए बनाई गई थी जिसमें करीब 22,000 करोड़ रुपये का लेन-देन शामिल था।

आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिरसा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भारद्वाज और झा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोपों को ‘निराधार, झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण’ बताते हुए कहा कि इनका उद्देश्य उनकी छवि खराब करना और उन्हें बदनाम करना है।

सिरसा ने यह भी कहा कि इस तरह का अभियान दोनों आप नेताओं की ‘कार्यप्रणाली’ प्रतीत होता है।

वहीं, आप नेताओं ने कहा कि इस मामले से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे और उन्होंने सरकार से चावल की खरीद तथा वितरण प्रक्रिया पर स्पष्टीकरण मांगा है।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में