नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि शालीमार बाग से उसके पार्षद जलज कुमार चौधरी ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के लिए नामांकन दाखिल किया है, जबकि पार्टी ने महापौर पद के चुनाव से दूर रहने का फैसला किया है।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नामांकन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले कहा कि पार्टी महापौर चुनाव नहीं लड़ेगी।
उन्होंने दावा किया, “सभी स्तरों पर सत्ता होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली में कोई बदलाव नहीं ला सकी। भाजपा को काम करना नहीं आता, केवल आम आदमी पार्टी ही काम करना जानती है।”
भारद्वाज ने कहा कि आप के चुनाव से दूर रहने के फैसले से भाजपा को एमसीडी चलाने का अवसर मिलेगा और उसके कामकाज के लिए उसे जवाबदेह ठहराया जा सकेगा।
इस वर्ष महापौर चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल में कुल 273 मत हैं जिनमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा नामित 14 विधायक, सात लोकसभा सदस्य और तीन राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। जीत के लिए किसी उम्मीदवार को 137 मतों की आवश्यकता होगी।
एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने कहा कि चौधरी का इस महत्वपूर्ण समिति के लिए नामांकन जनप्रतिनिधित्व को मजबूत करेगा।
नारंग ने कहा, “भाजपा के गढ़ में रहने के बावजूद उन्होंने हमेशा अपने क्षेत्र के लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और काम कराए हैं।”
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने महापौर चुनाव न लड़ने संबंधी भारद्वाज के बयान को “हास्यास्पद” बताया।
सचदेवा ने कहा, “सच्चाई यह है कि सभी जानते हैं कि कई पार्षदों के पार्टी छोड़ने और आंतरिक मतभेदों के कारण आम आदमी पार्टी एमसीडी में अपना बहुमत पहले ही खो चुकी है। यदि आप महापौर का चुनाव लड़ती है, तो और पार्षद अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते हैं।”
एमसीडी की स्थायी समिति सबसे शक्तिशाली निकायों में से एक मानी जाती है, जो वित्तीय मंजूरी और महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों से संबंधित कार्य देखती है। महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के तीन सदस्यों के चुनाव 29 अप्रैल को होंगे जबकि नामांकन बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक भरे जा सकेंगे।
वर्तमान में 250 सदस्यीय नगर निगम में भाजपा के 123 पार्षद, आप के 100, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 15, कांग्रेस के नौ पार्षद हैं। दो पार्षद निर्दलीय हैं, जबकि एक सीट रिक्त है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव