आप ने शहीदी दिवस पर शामिल नहीं होने पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की आलोचना की

Ads

आप ने शहीदी दिवस पर शामिल नहीं होने पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - November 26, 2025 / 04:14 PM IST,
    Updated On - November 26, 2025 / 04:14 PM IST

चंडीगढ़, 26 नवंबर (भाषा) पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों पर गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने को लेकर बुधवार को निशाना साधा।

आप की पंजाब इकाई के अध्यक्ष एवं राज्य के मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री और सभी केंद्रीय मंत्रियों को नौवें सिख गुरु का शहीदी दिवस मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।

अरोड़ा ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने 25 नवंबर तक यह मुद्दा नहीं उठाया, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि ये आमंत्रित लोग कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।

पंजाब सरकार ने इस अवसर पर 23-25 ​​नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया था। इसमें विधानसभा का एक विशेष सत्र, ‘नगर कीर्तन’, ‘कीर्तन दरबार’, प्रकाश एवं ध्वनि शो, गुरु तेग बहादुर के जीवन और विरासत को समर्पित ड्रोन शो और ‘सर्व धर्म सम्मेलन’ शामिल है।

मोदी पर निशाना साधते हुए अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मंगलवार को कुरुक्षेत्र गए, लेकिन मत्था टेकने के लिए आनंदपुर साहिब नहीं गए, जो हरियाणा के इस शहर से हवाई मार्ग से मुश्किल से 12-15 मिनट की दूरी पर है।

मोदी मंगलवार को गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कुरुक्षेत्र गए थे।

अरोड़ा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पंजाब सरकार द्वारा आमंत्रित किए जाने के बावजूद आनंदपुर साहिब नहीं जाने पर शर्म आनी चाहिए।’

अरोड़ा ने कहा, ‘भाजपा प्रधानमंत्री को ‘विश्वगुरु’ के रूप में पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ती, लेकिन वे वास्तविक ‘विश्व दे गुरु’ – गुरु तेग बहादुर के सामने नतमस्तक होने के लिए आनंदपुर साहिब नहीं गए।’

आप नेता अरोड़ा ने आरोप लगाया, ‘हम अच्छी तरह समझ सकते हैं कि वे (भाजपा नेता) पंजाब, पंजाबियत और सिख समुदाय से कितनी नफरत करते हैं।’

अरोड़ा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी उन्हें राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पत्र लिखा था।

भाषा अमित नरेश

नरेश