‘आप’ ने अपने राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर अज्ञात कंपनियों के पंजीकरण की शिकायत दर्ज कराई

‘आप’ ने अपने राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर अज्ञात कंपनियों के पंजीकरण की शिकायत दर्ज कराई

‘आप’ ने अपने राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर अज्ञात कंपनियों के पंजीकरण की शिकायत दर्ज कराई
Modified Date: September 22, 2026 / 04:56 pm IST
Published Date: September 22, 2026 4:56 pm IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि नयी दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर 58 अज्ञात फर्जी कंपनियां पंजीकृत पाई गई हैं।

‘आप’ ने मामले को पार्टी को बदनाम करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “साजिश” करार दिया।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इन कंपनियों का पंजीकरण इस साल जुलाई से सितंबर के बीच पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के पते-01, कैनिंग लेन, नयी दिल्ली-पर किया गया।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने इस संबंध में जीएसटी के प्रधान आयुक्त और दिल्ली पुलिस को औपचारिक शिकायत भेजी है।

भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह भाजपा की साजिश है, ताकि फरवरी 2027 के चुनावों से पहले हमारे खिलाफ ऐसी खबर फैलाई जा सके और दुष्प्रचार अभियान चलाया जा सके कि ‘आप’ कई फर्जी कंपनियां चलाती है, जिनके जरिये उसे चंदा मिलता है।”

उन्होंने कहा कि ये सभी जीएसटी पंजीकरण “आधार सत्यापन” के बाद किए गए।

भारद्वाज ने केंद्र से इस मामले की जांच करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के पते पर इन 58 कंपनियों का पंजीकरण कैसे हुआ? हमारा केंद्र सरकार से सीधा सवाल यही है। क्या इसका मतलब यह है कि आज केंद्र सरकार इस स्तर तक गिर गई है कि सिर्फ चुनाव में किसी पार्टी को हराने के लिए वह कोई भी झूठ फैलाएगी?”

भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने इस संबंध में जीएसटी के प्रधान मुख्य आयुक्त, व्यापार एवं कर विभाग के आयुक्त और नयी दिल्ली के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत भी दर्ज कराई है।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में