दिल्ली में जाली नोट खपाने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़, दो गिरफ्तार
दिल्ली में जाली नोट खपाने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़, दो गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की शाहदरा जिला पुलिस ने नकली नोटों की आपूर्ति करने और खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद दानिश और मोहम्मद मिराज उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 500 रुपये के 187 नकली नोट बरामद किए हैं ।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के तार दिल्ली से बिहार, झारखंड और मालदा, पश्चिम बंगाल तक जुड़े हैं।
पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे ने बताया कि गत 22 अगस्त को गांधी नगर स्थित एक निजी बैंक से 500 रुपये के 18 जाली नोट मिलने की शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि ये नोट कपड़ा कारोबारी नफीस अहमद ने अपने बैंक खाते में जमा कराये थे और पूछताछ में नफीस ने बताया कि गत 21 अगस्त को दानिश नाम के एक ग्राहक ने उनकी दुकान से 17200 के कपड़े खरीदे थे और उसने ही ये नोट उसे दिये थे।
डुंबरे ने बताया कि अगले ही दिन नफीस ने पुलिस को सूचना दी कि दानिश दोबारा बाजार में देखा गया है, जिसके बाद टीम ने दानिश को पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में दानिश ने कबूल किया कि उसने झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से 10 हजार रुपये के असली नोट देकर 30 हजार रुपये के जाली नोट खरीदे थे और वह गांधी नगर बाजार की छोटी-मोटी दुकानों से खरीदारी कर इन नोटों का इस्तेमाल करता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी से मिले सुरागों के आधार पर मिराज उर्फ गुड्डू को भी पकड़ लिया गया।
गुड्डू ने पुलिस को बताया कि उसने जाली नोट पश्चिम बंगाल के मालदा में बैठे मामा उर्फ छोटू और भैया जी नाम के तस्करों से हासिल किये थे। पुलिस के मुताबिक, उसने 60,000 रुपये मूल्य के असली नोट देकर 1.50 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट हासिल किए थे। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


