राजस्थान: अपहरण कर युवक को बेरहमी से पीटने के मामले में पांच आरोपी पुलिस हिरासत में
राजस्थान: अपहरण कर युवक को बेरहमी से पीटने के मामले में पांच आरोपी पुलिस हिरासत में
जयपुर, 22 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर जिले में कथित तौर पर अपहरण कर बेरहमी से पीटे जाने के कारण गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ओमप्रकाश बैरवा के रूप में हुई है।
तूंगा थानाधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि युवक को 15 सितंबर को गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे राजस्थान अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, 15 सितंबर को कुछ लोग बोलेरो व मोटरसाइकिल से युवक के घर के पास पहुंचे थे और उससे कुछ रुपये मांगे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रुपये देने से इनकार करने पर वे बैरवा को कथित रूप से जबरन गाड़ी में बैठाकर एक फार्म हाउस ले गए, जहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
थानाधिकारी के अनुसार, वहां युवक को लाठी-डंडों से पीटा गया और आरोपी बाद में उसे गांव की सड़क पर छोड़कर फरारो हो गए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज नहीं किया, जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।
परिजनों के मुताबित, अदालत के आदेश के बाद 19 सितंबर को तूंगा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
थानाधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में बादल मीणा, करण मीणा, राहुल मीणा, अनुज बैरवा, राहुल बालोत, बनवारी और भानू मीणा को नामजद किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 10-15 अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि युवक की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं और पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सज्जन सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


