‘आप’ है ‘सच्ची सनातनी’ पार्टी, भाजपा ने वोट के लिए राम के नाम का इस्तेमाल किया: केजरीवाल

‘आप’ है ‘सच्ची सनातनी’ पार्टी, भाजपा ने वोट के लिए राम के नाम का इस्तेमाल किया: केजरीवाल

‘आप’ है ‘सच्ची सनातनी’ पार्टी, भाजपा ने वोट के लिए राम के नाम का इस्तेमाल किया: केजरीवाल
Modified Date: July 1, 2026 / 03:01 pm IST
Published Date: July 1, 2026 3:01 pm IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ‘‘सच्ची सनातनी’’ है और उसने सनातन मूल्यों के प्रति सच्ची श्रद्धा के साथ काम किया है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया।’’

केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने भाषणों और चुनाव प्रचार में भगवान राम और राम मंदिर का अक्सर जिक्र करती है लेकिन उसके वरिष्ठ नेताओं ने अब तक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना तक ‘‘नहीं की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा भगवान राम के नाम पर वोट मांगती है लेकिन वह उन्हें भगवान नहीं मानती। राम मंदिर में चंदे एवं चढ़ावे की चोरी से देश के सभी सनातनी आहत हैं। भाजपा केंद्र और उत्तर प्रदेश में सत्ता से बाहर हो जाएगी।’’

भाजपा ने इस आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मंदिर जाने का कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह दावा करने से पहले उन्होंने सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी देखी और उत्तर प्रदेश के पत्रकारों से भी बात की।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सवाल केवल वह नहीं उठा रहे, बल्कि कई श्रद्धालु भी इसका जवाब जानना चाहेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान राम के नाम पर राजनीतिक लाभ तो उठाया लेकिन मंदिर जाकर आभार जताने में ‘‘नाकाम’’ रही।

केजरीवाल ने मंदिर के चंदे एवं चढ़ावे में कथित अनियमितताओं से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस घटनाक्रम से देशभर के श्रद्धालु नाराज हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग वास्तव में जिम्मेदार हैं, उन्हें बचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस मामले में और जानकारियां सामने आ सकती हैं।

केजरीवाल ने उनकी पार्टी द्वारा शुरू किए गए धार्मिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘आप’ सनातन मूल्यों को लेकर प्रतिबद्ध है।

उन्होंने पंजाब में आयोजित किए जा रहे भजन कार्यक्रमों, मंदिरों के जीर्णोद्धार के प्रयासों और दिल्ली में पूर्ववर्ती ‘आप’ सरकार के कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए तीर्थयात्रा से जुड़े कार्यक्रमों का भी जिक्र किया।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में