चंडीगढ़, 17 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि उनकी पार्टी ने चुपचाप उस ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ को छोड़ दिया है, जिसे 19 जुलाई को शुरू करने की घोषणा की गई थी।
आप की पंजाब इकाई के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बादल ने करीब एक महीने पहले घोषणा की थी कि अकाली दल 19 जुलाई को अकाल तख्त पर अरदास करने के बाद यह आंदोलन शुरू करेगा।
उन्होंने कहा कि अब जब घोषणा की तारीख में केवल दो दिन शेष रह गए हैं, तब भी पार्टी ने न तो कोई कार्यक्रम घोषित किया है और न ही प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की कोई तैयारी की है।
पन्नू ने आरोप लगाया कि यह घोषणा गंभीर जन आंदोलन शुरू करने के बजाय भगवंत मान सरकार के साथ अनावश्यक राजनीतिक टकराव पैदा करने के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने दावा किया कि अकाली दल की हालिया कोर कमेटी की बैठक में भी प्रस्तावित आंदोलन पर चर्चा नहीं हुई और आरोप लगाया कि पार्टी को उम्मीद थी कि लोग इस घोषणा को भूल जाएंगे।
आप नेता ने पहले की अकाली दल सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का पंजाबियों को गुमराह करने का इतिहास रहा है और 2007-17 के अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में नशे की समस्या को फैलने दिया।
पन्नू ने सवाल किया कि यदि अकाली दल 19 जुलाई से ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ शुरू करने का इरादा रखता है, तो उसने अब तक अपना कार्यक्रम, रणनीति या नेतृत्व क्यों घोषित नहीं किया है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप