आप ने दिल्ली विस के मानसून सत्र में प्रश्नकाल बहाल करने का अध्यक्ष से आग्रह किया

Ads

आप ने दिल्ली विस के मानसून सत्र में प्रश्नकाल बहाल करने का अध्यक्ष से आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 05:09 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 05:09 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से आगामी मानसून सत्र में प्रश्नकाल शामिल करने का आग्रह किया। पार्टी ने कहा कि प्रश्नकाल विधायी कार्यवाही का अहम हिस्सा है, जिसके माध्यम से सदस्य जनहित से जुड़े मुद्दे उठा सकते हैं।

आप के प्रवक्ता और बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह लगातार दूसरा विधानसभा सत्र होगा, जिसमें प्रश्नकाल नहीं होगा।

झा ने कहा कि सत्र की घोषणा और उसके शुरू होने के बीच का समय प्रश्नकाल के लिए पर्याप्त नहीं था। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से प्रश्नकाल की व्यवस्था बहाल करने की अपील की और कहा कि विधायी कार्यवाही का उद्देश्य चर्चा और जवाबदेही को बढ़ावा देना होना चाहिए।

कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने भी इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल विधानसभा की कार्यप्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि इसके माध्यम से निर्वाचित प्रतिनिधि जनहित से जुड़े मुद्दे उठाते हैं और सरकार से जवाब मांगते हैं।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि मानसून सत्र में प्रश्नकाल शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह विधायिका के प्रभावी संचालन और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए जरूरी है।

दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र सात से 11 अगस्त तक चलेगा।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश