नई सरकारें जनता के हित में काम करेंगी : अब्दुल्ला ने जतायी उम्मीद

Ads

नई सरकारें जनता के हित में काम करेंगी : अब्दुल्ला ने जतायी उम्मीद

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 06:25 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 06:25 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

श्रीनगर, पांच मई (भाषा) नेशनल कांफ्रेस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि पांच राज्यों/केंद्रशासित प्रदेश में निर्वाचित नई सरकारें इस भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी कि भाषा या धर्म से इतर, यह देश सभी का है।

मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चरार-ए-शरीफ में अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि नई सरकारों को सभी की प्रगति के लिए काम करना चाहिए।

चुनाव परिणामों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरी प्रतिक्रिया क्या हो सकती है? जनता का फैसला आपके सामने है। मैं इसके बारे में क्या कर सकता हूं?’’

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘(पांच राज्यों/केंद्रशासित प्रदेश में) नई सरकारें निर्वाचित हुई हैं। ईश्वर करे कि वे जनता के हित में काम करें। उन्हें याद रखना चाहिए कि यह देश हम सभी का है, चाहे हमारा धर्म और भाषा कुछ भी हो। उन्हें इसका ख्याल रखना चाहिए और सभी की प्रगति होनी चाहिए।’’

जम्मू-कश्मीर में स्थानीय निकाय चुनाव के बारे में पूछे जाने पर नेकां प्रमुख ने कहा कि चुनाव कराए जाने चाहिए क्योंकि स्थानीय निकाय लोकतंत्र के स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा, “चुनाव होंगे, हम इंतजार कर रहे हैं। पंचायतें लोकतंत्र के स्तंभ हैं। उनके चुनाव कराना आवश्यक है। स्थानीय विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान पंचों को ही करना होता है।”

भाषा

नरेश

नरेश