अभिषेक बनर्जी ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को भाजपा की ‘एजेंसी’ बताया

Ads

अभिषेक बनर्जी ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को भाजपा की 'एजेंसी' बताया

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 05:03 PM IST

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल), 11 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को भारतीय जनता पार्टी की ‘एजेंसी’ करार दिया और सत्ता में वापसी के एक महीने के भीतर मताधिकार से वंचित नागरिकों के मतदान अधिकारों को बहाल करने का वादा किया।

बनर्जी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में लोगों को कमजोर करने और भाजपा को मजबूत करने के लिए कथित तौर पर काम कर रही तीन ‘एजेंसियों’ (मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और राजनेता हुमायूं कबीर) के नाम गिनाए।

उन्होंने कुमार पर मतदाता सूची में तार्किक विसंगतियों की आड़ में गरीबों के ‘मतदान अधिकार छीनने’ का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि तृणमूल के कमजोर होने पर पार्टी से कहीं अधिक नुकसान गरीबों को होगा।

उन्होंने कहा, ‘अगर तृणमूल इस क्षेत्र में कमजोर होती है तो आपको (स्थानीय लोगों को) होने वाला नुकसान तृणमूल को होने वाले नुकसान से कहीं अधिक होगा।’

बनर्जी ने कबीर पर तीखा हमला बोला और एक वायरल वीडियो का हवाला दिया, जिसमें कथित तौर पर आम जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख 1,000 करोड़ रुपये की मांग करते हुए दिखायी दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘यह पैसा मुर्शिदाबाद की माताओं और भाइयों के लिए नहीं, सड़कों के लिए नहीं, आवास के लिए नहीं, बल्कि अपनी जेब में डालने के लिए है।’

उन्होंने दावा किया कि कथित वीडियो में कबीर मुसलमानों को ‘बहुत मूर्ख’ और आसानी से गुमराह होने वाला बता रहे हैं।

भाषा

शुभम माधव

माधव