पश्चिम बंगाल में 2021 में भाजपा नेता की हत्या मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में 2021 में भाजपा नेता की हत्या मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अभिजीत सरकार की हत्या के मामले में कथित मुख्य आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई ने अरूप दास उर्फ बापी दास को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त 2021 को मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार था।
उन्होंने बताया कि दास जांच में कभी शामिल नहीं हुआ था और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त 2021 के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इसने दास, तृणमूल कांग्रेस के तत्कालीन विधायक परेश पाल और पार्टी के अन्य नेताओं समेत 38 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद दो मई 2021 को कंकुरगाछी इलाके में अभिजीत सरकार की हत्या कर दी गई थी।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


