नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और युवाओं के सशक्तीकरण, उच्च शिक्षा और छात्रों के कल्याण पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने साथ ही इस दौरान पंजाब विश्वविद्यालय से जुड़े कई मुद्दे भी उठाये।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषंगी संगठन ने एक बयान में कहा कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज किशोर तिवारी और राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति के सामने पंजाब विश्वविद्यालय से जुड़े कई मुद्दे रखे। इनमें विश्वविद्यालय सीनेट में चुने हुए छात्र प्रतिनिधियों को प्रतिनिधित्व देना, छात्रों की बढ़ती संख्या के हिसाब से छात्रावास सुविधाओं का विस्तार करना और शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियमित और समयबद्ध नियुक्तियां करना शामिल है।
बयान के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नयी प्रौद्योगिकियों के लिए एक अत्याधुनिक केंद्र बनाने की जरूरत को रेखांकित किया। साथ ही, योग और ध्यान केंद्र, तथा स्थायी परामर्श वाले छात्र कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य सहायता केंद्र स्थापित करने की भी वकालत की गई।
इस प्रतिनिधिमंडल में एबीवीपी के राष्ट्रीय संयुक्त संगठन सचिव एस. बालकृष्ण, राष्ट्रीय सचिव क्षमा शर्मा, पायल किनाके और आदित्य तकियार, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व सचिव मित्रवृंदा कर्णवाल और पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष गौरववीर सोहल भी शामिल थे।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश