एसीबी ने थाने के प्रभारी अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
एसीबी ने थाने के प्रभारी अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
चाईबासा, 20 अगस्त (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक थाने के प्रभारी अधिकारी को बृहस्पतिवार को कथित तौर पर रिश्वत लेते समय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एसीबी के पुलिस अधीक्षक श्रीराम सामद ने बताया कि एसीबी, जमशेदपुर की टीम ने जाल बिछाकर बंदगांव थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया।
आरोपी अधिकारी ने थाने में दर्ज एक मामले में शिकायतकर्ता के पक्ष में काम करने के लिए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने हाल ही में एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी क्योंकि वह पुलिस अधिकारी द्वारा मांगी गई रिश्वत नहीं देना चाहता था।
जांच-पड़ताल के बाद एसीबी अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के आरोप को सही पाया और पुलिस अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
अधिकारी ने बताया कि जैसे ही पुलिस अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया।
इस बीच, पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी सिंहभूम) अमित रेणु ने कहा कि उन्हें एसीबी की कार्रवाई के बारे में जानकारी है।
उन्होंने कहा, ‘हम इस मामले की जांच कर रहे हैं। अगर पुलिस अधिकारी के खिलाफ लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी थाने के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


