चिटफंड घोटाले का आरोपी पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार, ओडिशा ले जाया जाएगा : सीबीआई
चिटफंड घोटाले का आरोपी पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार, ओडिशा ले जाया जाएगा : सीबीआई
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चिट-फंड ‘घोटाले’ से जुड़े मामले में फरार डीएनबी फूड प्रोसेसिंग के प्रवर्तक देबब्रत दत्ता को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दत्ता को 28 अगस्त को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया गया और उन्हें ओडिशा के भुवनेश्वर शहर की एक अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई का आरोप है कि दत्ता ने निवेश पर आकर्षक रिटर्न का लालच देकर भोले-भाले निवेशकों से 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जुटाई।
सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “आरोपी उस समय डीएनबी फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड का प्रवर्तक था। उसने दूसरों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची और भोले-भाले जमाकर्ताओं से गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा किए गए 17,22,39,453 रुपये का गबन किया। आरोपी फरार था और उसने जांच में सहयोग नहीं किया।”
बयान के मुताबिक, दत्ता को कथित घोटाले की आठ साल की जांच के बाद 26 दिसंबर 2022 को दायर आरोपपत्र में भगोड़ा घोषित किया गया था।
इसमें कहा गया है, “दत्ता के खिलाफ पांच अगस्त 2024 को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और आखिरकार 28 अगस्त को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सिलीगुड़ी से ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ले जाया जा रहा है और भुवनेश्वर की संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।”
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप

Facebook


