पणजी, 11 जून (भाषा) गोवा रेलवे पुलिस ने कर्नाटक में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को खुफिया जानकारी मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कर्नाटक के अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया था कि मंगलुरु के पनंबूर पुलिस थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में शामिल संदिग्ध हज़रत निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस से शायद गोवा जा रहा है।
सूचना के आधार पर, दक्षिण गोवा के कोंकण रेलवे पुलिस थाने के जवानों को मडगांव रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारियों की मदद से टीम ने ट्रेन के पहुंचने के बाद संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान 36 वर्षीय प्रशांत कुमार भंडारी के रूप में बताई, जो बिहार के दरभंगा जिले के शिवाजी नगर का निवासी है।
उन्होंने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कर्नाटक पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा