गुरुग्राम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने व्यक्ति की दुकान में तोड़फोड़ की

गुरुग्राम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने व्यक्ति की दुकान में तोड़फोड़ की

गुरुग्राम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने व्यक्ति की दुकान में तोड़फोड़ की
Modified Date: September 17, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: September 17, 2026 10:27 pm IST

गुरुग्राम, 17 सितंबर (भाषा) परिवार की महिला सदस्य से छेड़छाड़ का विरोध करने पर लोगों के एक समूह ने तलवारों से मोबाइल फोन दुकान मालिक पर कथित तौर पर हमला किया और उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर कीमती सामान लूट लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार सुबह बादशाहपुर इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि दो मुख्य आरोपियों के पुलिस हिरासत से कथित तौर पर फरार होने के कुछ घंटे बाद इस घटना को अंजाम दिया गया।

‘गर्ग कम्युनिकेशंस’ नाम से मोबाइल की दुकान चलाने वाले पीड़ित जतिन द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घटनाक्रम की शुरुआत बुधार देर रात तब हुई जब वह खरीदारी के बाद अपने परिवार और दोस्तों के साथ घर लौट रहा था।

क्रेटा कार में सवार दो लोगों ने कथित तौर पर जतिन की गाड़ी में बैठी एक युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जतिन ने जब इसका विरोध किया तो तीखी बहस हो गई, जिसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी कार जब्त कर ली।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाने ले जाते समय आरोपियों ने कथित तौर पर बादशाहपुर थाने के पास पुलिस अधिकारी को वाहन से बाहर धकेल दिया और जतिन को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

शिकायत के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ तलवार लेकर जतिन की दुकान पर पहुंचे।

पुलिस ने कहा कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर कांच के काउंटर तोड़ दिए और एक कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।

आरोप है कि हमलावर महंगे मोबाइल फोन और सोने की चेन लेकर फरार हो गए। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों को दुकान की ओर जाते हुए देखा गया।

बादशाहपुर थाने के प्रभारी, निरीक्षक राजेश कुमार ने कहा, ‘शिकायत के आधार पर संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।’

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में