भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा ‘राजनीतिक नौटंकी’ : आम आदमी पार्टी
भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा ‘राजनीतिक नौटंकी’ : आम आदमी पार्टी
चंडीगढ़, 17 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के नेता बलतेज पन्नू ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की आलोचना करते हुए इसे ‘‘राजनीतिक नौटंकी’’ करार दिया और सवाल किया कि जब 2007-17 के दौरान भाजपा पंजाब की सत्ता में साझेदार थी, तब मादक पदार्थ की समस्या पर क्यों चुप रही थी।
पन्नू ने पूछा कि भाजपा पंजाब को ही क्यों निशाना बना रही है, जबकि पड़ोसी राज्य हरियाणा समेत ‘‘नशीले पदार्थों से प्रभावित’’ अन्य राज्यों में वह चुप्पी साधे हुए है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी संवेदनशील जिले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र वाले सीमावर्ती जिले हैं और भाजपा को पंजाब को बदनाम करने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल करने के बजाय यह बताना चाहिए कि वह राज्य में मादक पदार्थ की समस्या से निपटने के लिए क्या कर रही है।
भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा 18 सितंबर को शुरू होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पठानकोट से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर में इसके समापन समारोह को संबोधित करेंगे।
भाषा सुभाष पारुल
पारुल

Facebook


