अभिनेता अल्लू शिरीष ने मंदिर में तेज आवाज में भजन-कीर्तन को लेकर पुलिस से शिकायत की

Ads

अभिनेता अल्लू शिरीष ने मंदिर में तेज आवाज में भजन-कीर्तन को लेकर पुलिस से शिकायत की

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 03:10 PM IST

हैदराबाद, 28 सितंबर (भाषा) तेलुगु अभिनेता अल्लू शिरीष ने हैदराबाद के एक मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में भजन-कीर्तन को लेकर हैदराबाद पुलिस को शिकायत दी है।

तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के भाई एवं जाने-माने निर्माता अल्लू अरविंद के बेटे शिरीष ने कहा कि निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक तेज आवाज में भजन-कीर्तन के कारण बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी हो रही है।

उन्होंने पुलिस से इस मामले पर ध्यान देने का आग्रह किया है।

अभिनेता ने रविवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘हैदराबाद पुलिस, मैं शेखपेट स्थित अपर्णा वन का निवासी हूं। पिछले कुछ दिनों से विनोभा नगर स्थित हनुमान मंदिर में देर रात दो से तीन बजे तक निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में भजन-कीर्तन किया जा रहा है। मैंने फिल्म नगर थाने में शिकायत की थी। उन्होंने हमसे 25 सितंबर को गणेश विसर्जन तक सहयोग करने को कहा था। पर्व समाप्त हो चुका है लेकिन समस्या जस की तस है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सोसाइटी के कई बुजुर्ग, बच्चे और कामकाजी लोग इससे परेशान हैं और अतीत में भी कई शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आपसे अनुरोध है कि कृपया इस मामले को देखें।’’

शिरीष ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया।

अभिनेता की इस पोस्ट के बाद हैदराबाद पुलिस ने कहा कि आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला फिल्म नगर के थाना प्रभारी को भेज दिया गया है।

भाषा खारी नरेश

नरेश