मऊ (उप्र), 28 सितंबर (भाषा) मऊ जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र में सोमवार को एक शादी समारोह के लिये टेंट लगाते समय करंट लगने से दूल्हे के छोटे भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में सोमवार को वलीमे की दावत के लिए टेंट लगाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के भीषण करंट की चपेट में आने से टेंट कर्मी कामिल (25), इरफान (28) और दूल्हे के छोटे भाई महमूद (18) की मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि हादसे में दो अन्य लोग भी करंट लगने से घायल हुए हैं जिनका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि अबुल हसन के घर में बड़े बेटे के निकाह की रस्म सोमवार सुबह इस्लामाबाद स्थित मस्जिद में संपन्न हुई थी और मंगलवार को दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम निर्धारित था। इसे लेकर घर पर टेंट, शामियाने और खाने-पीने की तैयारियां चल रही थीं कि तभी छत पर टेंट लगाते समय ये लोग लोहे की पाइप के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए।
उन्होंने बताया कि करंट की चपेट में कामिल, इरफान और दूल्हे का छोटा भाई महमूद आ गये।
सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी और सूचना मिलते ही विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
भाषा सं. सलीम नरेश
नरेश