नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) अभिनेता दुलकर सलमान 13 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाले भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) में शामिल होंगे।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सलमान इस फिल्म महोत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह भारतीय सिनेमा की कई जानी-मानी हस्तियों के साथ मंच साझा करेंगे।
‘चार्ली’ और ‘सीता रामम’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता ने कहा कि आईएफएफएम द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा की विविधता और उत्कृष्टता का जश्न मनाता है।
सलमान ने एक बयान में कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि कहानियों में भाषाओं और सीमाओं से परे जाने की ताकत होती है और दुनिया भर के दर्शकों को हमारी फिल्मों को पसंद करते देखना बेहद सुखद है।”
उन्होंने कहा, ‘‘मैं मेलबर्न जाने, साथी कलाकारों के साथ सिनेमा का उत्सव मनाने और वर्षों से मेरी इस यात्रा में मेरा साथ देने वाले दर्शकों से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’’
भाषा
प्रचेता सिम्मी
सिम्मी