ठाणे, 31 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई तथा छह से सात लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पावरलूम नगरी भिवंडी में बालाजी नगर क्षेत्र स्थित कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे ढह गया।
रेसिडेंट डिप्टी कलेक्टर (आरडीसी) संदीप माने ने कहा, ‘‘कम से कम सात लोगों की मौत हुई है। एक को छोड़कर बाकी सभी की पहचान अभी होनी बाकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।’’
उन्होंने बताया कि छह से सात लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।
उन्होंने बताया कि एक नाबालिग को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल ले जाया गया।
इस इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे। इस इमारत को पहले ही नगर निकाय द्वारा खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसा उस समय हुआ, जब परिसर में मरम्मत का काम जारी था।
एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से ‘‘तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं।’’
खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर ढह गई।
मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे आपदा मोचन बल और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य में श्वान दस्ता, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और मलबा हटाने वाली भारी मशीनें तैनात की गई हैं।
भाषा
गोला रंजन
रंजन