अभिनेता मोहनलाल की बेटी विस्मया ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की

Ads

अभिनेता मोहनलाल की बेटी विस्मया ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 10:11 PM IST

कोच्चि, 21 जुलाई (भाषा) अभिनेता मोहनलाल की बेटी और अभिनेत्री विस्मया मोहनलाल ने नयी दिल्ली में जारी छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना की।

विस्मया ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें आंसू गैस के इस्तेमाल, लाठीचार्ज, सड़कें अवरुद्ध करने, मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने, भारी बैरिकेडिंग और इंटरनेट सेवा निलंबित किए जाने का जिक्र किया गया था।

पोस्ट में लिखा था, ‘आपको प्रदर्शनकारियों से सहमत होने या उनकी मांगों का समर्थन करने की जरूरत नहीं है… लेकिन अगर नागरिकों की आवाज उठाने का जवाब संवाद के बजाय अत्यधिक बल प्रयोग से दिया जाता है, तो हम सभी को रुककर यह सवाल पूछना चाहिए कि हम किस तरह का लोकतंत्र बन रहे हैं।’

पोस्ट में कहा गया, ‘क्योंकि कल, सुने जाने की गुहार लगाने वाले आप भी हो सकते हैं। आपका शहर। आपका पड़ोस। आपका अपना परिवार। आप सभी से मेरा सवाल सीधा सा है: क्या आप वाकई मानते हैं कि एक लोकतंत्र को अपने ही नागरिकों को इस तरह जवाब देना चाहिए।’’

सोमवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हजारों छात्र और कार्यकर्ता कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्च में शामिल होने पहुंचे थे। भारी सुरक्षा व्यवस्था, कई स्तरों के अवरोधक और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद प्रदर्शनकारी जुटे।

प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। दोनों पक्षों ने हिंसा शुरू करने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप