अभिनेत्री अंबिका ने चेक बाउंस और संपत्ति विवाद को लेकर बहन राधा पर पलटवार किया

Ads

अभिनेत्री अंबिका ने चेक बाउंस और संपत्ति विवाद को लेकर बहन राधा पर पलटवार किया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 02:53 PM IST

चेन्नई, 23 सितंबर (भाषा) दिग्गज अभिनेत्री अंबिका ने बुधवार को अपनी बहन और अभिनेत्री राधा की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद अपने खिलाफ लगाए गए ‘‘गलत काम करने’’ के आरोपों से इनकार किया। राधा ने आरोप लगाया है कि अंबिका ने चोरी किए गए चेक का इस्तेमाल करके उनसे 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने की कोशिश की।

1980 के दशक की दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित हस्तियों से जुड़े इस पारिवारिक विवाद में अभिनेत्री राधा ने ग्रेटर चेन्नई के पुलिस आयुक्त के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहन अभिनेत्री अंबिका और भाई मल्लिकार्जुन कुंजन नायर ने उनके घर से हस्ताक्षर किए हुए खाली चेक चुरा लिए और करीब 46 करोड़ रुपये की रकम अवैध रूप से भुनाने की कोशिश की।

शिकायत के बाद मीडिया से बात करते हुए अंबिका ने आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि राधा की शिकायत में ‘‘कोई सच्चाई नहीं’’ है। उन्होंने परिवार का यह मामला पुलिस तक पहुंचने पर दुख भी जताया।

राधा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि अंबिका ने उनके कमरे में जबरन प्रवेश किया और हस्ताक्षर किए हुए चेक चुरा लिए। वहीं, अंबिका ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राधा अपने निजी सामान और नंबर वाले ताले से बंद बैगों को लेकर ‘‘बेहद सावधान’’ रहती हैं, इसलिए चोरी की कोई संभावना नहीं है।

अंबिका ने कहा, ‘‘मैंने अपनी जवानी में अपने भाई-बहनों के लिए दिन-रात मेहनत की। ऐसे में एक कमरे से चेक चोरी करने का आरोप लगाया जाना बेहद दुखद और पूरी तरह बेतुका है। अगर वह (राधा) अपने सामान को लेकर इतनी सावधान रहती हैं, तो ऐसा कैसे संभव हो सकता है?’’

अंबिका ने यह भी कहा कि एआरएस की संपत्ति में हिस्सेदारी और सोने को लेकर हुए औपचारिक वित्तीय समझौते के तहत राधा के प्रबंधक ने पांच हस्ताक्षर किए हुए चेक उन्हें सौंपे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘एआरएस गार्डन्स मेरी मेहनत की कमाई से बनाया गया था और इसका नाम एमजीआर के आशीर्वाद से रखा गया था। इसका नाम मिटा दिया जाना और मेरे जायज हिस्से से वंचित किया जाना हमें कानूनी रास्ता अपनाने के लिए मजबूर करने वाला कारण बना। हमने परिवार के भीतर इस मामले को सुलझाने की कई बार कोशिश की। चूंकि कानूनी कार्यवाही अभी चल रही है, इसलिए मैं कानून का सम्मान करूंगी और आगे इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी करने से परहेज करूंगी।’’

भाषा तान्या संतोष

संतोष