चेन्नई, 21 सितंबर (भाषा) दिग्गज अभिनेत्री राधा ने सोमवार को चेन्नई शहर के पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी बड़ी बहन व अभिनेत्री अंबिका और छोटे भाई मल्लिकार्जुन ने चोरी किए गए चेक का इस्तेमाल कर उनसे 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने की कोशिश की।
शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए राधा ने बताया कि उनके व्यवसाय आरआर गार्डन्स के लगभग 40 से 45 चेक यहां वलसरवक्कम स्थित उनके आवास से चोरी हो गए थे।
राधा के अनुसार, चोरी किया गया एक चेक उनकी बहन अंबिका के बैंक खाते में जमा कराया गया था, जिस पर 46 करोड़ रुपये की राशि लिखी गयी थी।
उन्होंने कहा, “मुझे 16 तारीख को अपने बैंक से एक एसएमएस अलर्ट आया। राशि देखकर, मैंने तुरंत बैंक से संपर्क किया और भुगतान रोकने का निर्देश दिया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान पर रोक लगवाने के बावजूद 18 तारीख को चेक जमा करने का दूसरा प्रयास किया गया।
इस घटना पर हैरानी व्यक्त करते हुए, अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें अपनी बहन के साथ-साथ अपने छोटे भाई की भी सक्रिय भूमिका होने का संदेह है।
उन्होंने दावा किया, “चेक अंबिका के नाम पर जमा किए गए थे। मेरा छोटा भाई मल्लिकार्जुन भी इसमें शामिल है। उन्होंने चेक भरकर अपने पास रखे हैं।”
राधा ने जिक्र किया कि उन्होंने भरोसे के चलते चेक समेत अपना सामान वलसरवक्कम वाले घर पर छोड़ दिया था।
उन्होंने पूछा, “अगर परिवार पर नहीं, तो हम और किस पर भरोसा करेंगे?”
उन्होंने बताया कि चूंकि वह मुंबई और केरल में अपना कारोबार संभालती हैं, इसलिए वह दैनिक कामकाज के लिए अक्सर हस्ताक्षर किए हुए चेक रखती थीं।
अपनी पारिवारिक संपत्तियों की पृष्ठभूमि को स्पष्ट करते हुए राधा ने बताया कि संपत्तियों का औपचारिक बंटवारा 2006 में ही पूरा हो गया था।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश